कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने किया शुभारंभ, अधिकारियों ने किया पौधरोपण
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद आजमगढ़ में विभिन्न स्थलों पर भव्य एवं व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जनपदीय मुख्य कार्यक्रम महर्षि चंद्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी में आयोजित हुआ, जहां उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने हजारों नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज पूरा विश्व योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि योग संपूर्ण मानवता के कल्याण का अचूक माध्यम है। उन्होंने महर्षि चंद्रमा ऋषि आश्रम को तमसा और सिलनी नदी के संगम पर स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल बताते हुए दोनों नदियों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि सिलनी नदी के 27 किलोमीटर प्रवाह क्षेत्र में सिल्ट सफाई का कार्य कराया गया है तथा नदी के किनारों पर व्यापक वृक्षारोपण कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, तहसीलों, विकास खंडों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, अमृत सरोवरों, पार्कों, खेल मैदानों, स्टेडियमों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। योगाभ्यास से पूर्व विभिन्न स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण किया गया।
योग प्रशिक्षकों लालचंद यादव, रवि प्रकाश सिंह, शशि यादव सहित अन्य प्रशिक्षकों ने विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास कराया। पुलिस लाइन समेत जनपद भर में योग प्रदर्शन, योग संगोष्ठी, योग रंगोली एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, डीआईजी जेल, प्रभागीय वनाधिकारी आकांक्षा जैन, अपर जिलाधिकारी संजीव ओझा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जनपद में आयोजित योग सप्ताह एवं 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों ने स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का प्रभावी संदेश देते हुए योग को जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
