जनगणना-2027 के लिए जागरूकता अभियान शुरू, डीएम ने सेल्फी प्वाइंट का किया शुभारम्भ

जनगणना-2027 के लिए जागरूकता अभियान शुरू, डीएम ने सेल्फी प्वाइंट का किया शुभारम्भ

जनगणना-2027 के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी रविन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित “जनगणना-2027 में आपका स्वागत है” विषयक सेल्फी प्वाइंट का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सेल्फी लेकर अभियान की शुरुआत की और लोगों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 1872 से शुरू हुई जनगणना श्रृंखला की यह 16वीं जनगणना होगी, जो पहली बार पूर्णतः डिजिटल रूप में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल और विविधतापूर्ण राज्य में सटीक आंकड़ों का संग्रह अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने जानकारी दी कि 7 मई से 21 मई 2026 तक स्वगणना का कार्य किया जाएगा, जबकि 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य चलेगा। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वेच्छा से इसमें भाग लेकर सही एवं सटीक जानकारी दें, ताकि जनपद के विकास की योजनाएं प्रभावी ढंग से बनाई जा सकें।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व जिला जनगणना अधिकारी गम्भीर सिंह ने भी सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि स्वगणना की सुविधा के तहत नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर ओटीपी सत्यापन के बाद परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरना होगा। प्रक्रिया पूरी होने पर एक सेल्फ एनिमेरेशन आईडी प्राप्त होगी, जिसे गणनाकर्मी को दिखाना होगा।

उन्होंने सभी नागरिकों से 7 से 21 मई के बीच घर बैठे ऑनलाइन स्वगणना करने की अपील की और “जनगणना-2027 आपकी भागीदारी, देश की प्रगति हमारी जिम्मेदारी” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर संजय चावला, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला जनगणना समन्वयक आकाश राय सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभी ने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर “सही गणना, सशक्त भारत” के संकल्प को दोहराया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *