शिक्षक निर्वाचन के लिए रवाना हुईं 23 पोलिंग पार्टियां, डीएम ने किया निरीक्षण, मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

शिक्षक निर्वाचन के लिए रवाना हुईं 23 पोलिंग पार्टियां, डीएम ने किया निरीक्षण, मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

आजमगढ़, 22 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 के तहत 23 अक्टूबर को आजमगढ़ जनपद के 23 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय से 23 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी प्रक्रिया का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान की तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि सभी मतदान कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ करें।

उन्होंने मतदान कार्मिकों को निर्वाचन कार्यालय से उपलब्ध कराई जा रही सभी आवश्यक सामग्रियों का मिलान करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि किसी सामग्री की कमी हो तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित कर उसे प्राप्त कर लिया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। सभी कार्मिक आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मतदान की सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन की ओर से मतदान को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के साथ ही मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *