आजमगढ़ में 14 केंद्रों पर होगी परीक्षा, डीएम ने दिए नकलविहीन और पारदर्शी आयोजन के निर्देश

आजमगढ़ में 14 केंद्रों पर होगी परीक्षा, डीएम ने दिए नकलविहीन और पारदर्शी आयोजन के निर्देश

आगामी 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक की।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 14 परीक्षा केंद्रों पर 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में परीक्षा आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 6,432 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।

बैठक में सभी अधिकारियों को आयोग एवं शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि परीक्षा के दौरान कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने, सभी केंद्रों पर शीतल पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें तथा प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से संचालित हों।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। दोनों अधिकारी परीक्षा से पहले केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रश्नपत्र एवं गोपनीय सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित ढंग से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाएंगे तथा परीक्षा समाप्ति के बाद सीलबंद सामग्री सुरक्षित वापस जमा कराएंगे।

डीएम ने निर्देश दिया कि स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा दिवस पर सुबह 6 बजे तक अपने केंद्र पर पहुंचकर कंट्रोल रूम को सूचना देंगे। प्रश्नपत्रों के पैकेट केंद्राध्यक्ष, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, कक्ष निरीक्षकों और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में वीडियोग्राफी के साथ खोले जाएंगे। प्रश्नपत्र वितरण सहित पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी।

परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू रहेगी। इस दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर फोटोस्टेट और कॉपी की दुकानें भी बंद कराई जाएंगी। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, पेजर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश देने तथा नकल या अव्यवस्था की किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता-2023 एवं उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व व नोडल अधिकारी गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुबन कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *