रानी की सराय में फिर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, ‘माँ सर्वेश्वरी क्लिनिक’ सील

रानी की सराय में फिर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, ‘माँ सर्वेश्वरी क्लिनिक’ सील

आजमगढ़ जिले में बिना वैध पंजीकरण संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रानी की सराय क्षेत्र में संचालित माँ सर्वेश्वरी क्लिनिक को स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया। कार्रवाई मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय के अधीक्षक कैप्टन डॉ. मनीष तिवारी द्वारा की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के अनुसार, जांच के दौरान क्लिनिक के संचालन से संबंधित वैध पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। जांच में यह भी सामने आया कि क्लिनिक का संचालन डॉ. अंगद पाल द्वारा किया जा रहा था। उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया।
सीएमओ ने बताया कि माँ सर्वेश्वरी क्लिनिक का मामला पहले भी सरायमीर क्षेत्र में सामने आ चुका है, जहां स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बावजूद रानी की सराय में इसी नाम से क्लिनिक संचालित होने की सूचना मिलने पर दोबारा जांच कर कार्रवाई की गई।
डॉ. वर्मा ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पंजीकरण या निर्धारित मानकों का पालन किए किसी भी स्थान पर चिकित्सा प्रतिष्ठान का संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा। स्थान बदलकर या अन्य किसी तरीके से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों, क्लिनिकों और सोनोग्राफी केंद्रों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ ने कहा कि जनस्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना वैध पंजीकरण संचालित चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *