पॉक्सो एक्ट का वांछित और पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
सौरिख में तड़के तीन बजे पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़, पैर में गोली लगने से हुआ घायल
रीना वर्मा
कन्नौज। पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में वांछित और पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी को सौरिख पुलिस ने एसओजी व सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे दानपुर गांव के पास पानी की टंकी के नजदीक हुई मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी सौरिख भेजा।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अंकुल जाटव (25) पुत्र पन्नालाल जाटव निवासी पुरवानैन, थाना सौरिख पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था। वह 30 अगस्त को न्यायालय में पेशी के दौरान अंगूठा निशान की प्रक्रिया के बहाने पुलिसकर्मी को चकमा देकर अभिरक्षा से फरार हो गया था। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं।
शुक्रवार तड़के पुलिस को मुखबिर से आरोपी के दानपुर गांव के पास मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना सौरिख पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने पानी की टंकी के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के बाएं पैर में जा लगी। गोली लगने के बाद आरोपी मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी सौरिख में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह चौधरी, उपनिरीक्षक देवी सहाय वर्मा तथा एसओजी/सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है।
