बिना परमिट अवैध रूप से सवारी ढोने एवं ब्रिज के नीचे अवैध वाहन स्टैंड संचालित करने वाले 20 व्यक्तियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सवारी बैठाने को लेकर चालकों के बीच आपसी विवाद, गाली-गलौज एवं यात्रियों से वाद-विवाद की शिकायतों पर 21 वाहन सीज
आजमगढ़ जिले के थाना कंधरापुर क्षेत्र में बिना परमिट अवैध रूप से सवारी ढोने और ब्रिज के नीचे अवैध वाहन स्टैंड संचालित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भवरनाथ चौराहा और सेहदा अंडरपास के पास चलाए गए विशेष अभियान में 21 चारपहिया वाहनों को सीज किया गया, जबकि 20 व्यक्तियों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालानी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी कंधरापुर के नेतृत्व में शुक्रवार को संयुक्त पुलिस एवं यातायात टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच में पाया गया कि कई वाहन चालक बिना वैध परमिट और आवश्यक अभिलेखों के यात्रियों को ढो रहे थे तथा ब्रिज और अंडरपास के नीचे अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर अवैध स्टैंड संचालित कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, सवारी बैठाने को लेकर वाहन चालकों के बीच अक्सर विवाद, गाली-गलौज और हाथापाई की स्थिति बन जाती थी। यात्रियों से किराये और सीट को लेकर भी वाद-विवाद की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था और यातायात प्रभावित हो रहा था।
वाहनों की जांच के दौरान चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके चलते 21 वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। वहीं, शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर 20 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई कर न्यायालय भेजा गया।
कार्रवाई के दौरान दुर्गेश राय, प्रिंस यादव उर्फ बृजेश यादव, मोहम्मद साहिद, अभिषेक सिंह तोमर, विवेक सिंह, दुर्गा राय, शिवकुमार यादव, संतोष चौरसिया, दिनेश गौड़, आनंद यादव, मोहम्मद इमरान, कमलेश यादव, ईसा हाशमी, हिमांचल सिंह, शफीक अंसारी, शशिकांत, विमलेश सिंह, कपिल पासवान, शिवम यादव तथा तेजबहादुर यादव के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यह अभियान वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, यातायात पुलिस एवं थाना कंधरापुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना वैध परमिट एवं आवश्यक दस्तावेजों के यात्री वाहन संचालन न करें तथा सार्वजनिक स्थलों पर अनधिकृत वाहन स्टैंड संचालित करने से बचें। ऐसे मामलों में भविष्य में भी सघन अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
