शादी में गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त को बचाने पहुंचे थे साथी, मां का इकलौता बेटा बना हमले का शिकार, SSP ने परिजनों से की घटना की जानकारी, मुकदमा दर्ज

शादी में गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त को बचाने पहुंचे थे साथी, मां का इकलौता बेटा बना हमले का शिकार, SSP ने परिजनों से की घटना की जानकारी, मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने गए युवकों पर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर निवासी अगस्त त्रिपाठी के यहां से बारात मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव आई थी। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण लहुआ कला नसीरपुर निवासी युवती का विवाह उसके नाना लालजी दुबे के घर से कराया जा रहा था। युवती के भाई गौरव पांडेय ने अपने मित्र आनंद राजभर निवासी सराय, थाना देवगांव को शादी में आमंत्रित किया था।
बताया जाता है कि शादी समारोह में भोजन के दौरान आनंद राजभर का कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद के बाद उसने सुरक्षित घर लौटने के लिए अपने गांव के साथियों को बुला लिया। सूचना मिलने पर देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सराय गांव निवासी प्रीतेश राजभर उम्र 20 वर्ष पुत्र स्वर्गीय सुनील राजभर और ओटू राजभर उम्र 26 वर्ष पुत्र जमुना राजभर मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि जैसे ही दोनों युवक गांव में पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में प्रीतेश और ओटू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले मेहनाजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद प्रीतेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर भेजा गया। एक निजी अस्पताल द्वारा भर्ती से इनकार किए जाने के बाद परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
प्रीतेश राजभर अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उसकी मां और दो छोटी बहनें हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं घायल ओटू राजभर का संयुक्त चिकित्सालय लालगंज में इलाज चल रहा है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन मेहनाजपुर थाने पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *