फरिहा चौक पर बड़ा सड़क हादसा, बिजली के खंभे से टकराई बाइक — दो युवक गंभीर
आजमगढ़ के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक पर देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। लखनऊ-बलिया मार्ग पर सरायमीर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक 11 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा तीन हिस्सों में टूट गया। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मक्कनपुर निवासी राहुल कुमार पुत्र राजकुमार और अजय कुमार पुत्र महिंदर कुमार के रूप में हुई है। दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट आई है और मौके पर उनके नाक, कान व मुंह से खून बहता रहा। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फरिहा पुलिस चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल भेजवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि फरिहा चौक लखनऊ-बलिया मार्ग और मोहम्मदपुर-मादुरी मार्ग को जोड़ने वाला प्रमुख चौराहा है। वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या और बलिया समेत पूर्वांचल के कई जिलों के वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं, जिससे यहां हर समय भारी ट्रैफिक बना रहता है।
फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना की रिपोर्ट एसपी ट्रैफिक को भेज दी गई है। साथ ही फरिहा से खुदादादपुर मार्ग तथा मोहम्मदपुर-निजामाबाद रोड पर रेड लाइट, सिग्नल सिस्टम और बैरिकेडिंग लगाने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
