जीयनपुर थाने में बनेगा 7 मंजिला पुलिस परिवार आवास, एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने किया शिलान्यास
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने शुक्रवार को थाना जीयनपुर परिसर में पुलिस परिवार आवास के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।
जानकारी के अनुसार थाना परिसर में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त टू BHK आवासीय व्यवस्था वाले 7 मंजिला भवन का निर्माण कराया जाएगा। निर्माणाधीन आवास में शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पुलिस कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सीओ सगड़ी अनिल कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष जीयनपुर, अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने थाना जीयनपुर का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेखों, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जनसुनवाई और अपराध नियंत्रण से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग के अनुसार इस आवासीय परियोजना के पूर्ण होने के बाद पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर एवं आधुनिक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
