रिश्वत के 60 हजार रुपयों के साथ उपनिबंधक कार्यालय के सब रजिस्ट्रार को विजिलेंस टीम ने किया गिरफ्तार

रिश्वत के 60 हजार रुपयों के साथ उपनिबंधक कार्यालय के सब रजिस्ट्रार को विजिलेंस टीम ने किया गिरफ्तार
रीना वर्मा

कन्नौज। विजिलेंस टीम ने सदर तहसील के उपनिबंधक कार्यालय में सब रजिस्ट्रार को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
सब रजिस्ट्रार ने जमीन के बैनामे के लिए 60 हजार रुपए की रिश्वत ली थी।
बताते चलें कि, सब रजिस्ट्रार अश्वनी कुमार वर्मा ने कन्नौज के छिपट्टी मोहल्ला निवासी प्रवीण कुमार से 14 डिसमिल जमीन के बैनामे के लिए डेढ़ लाख रुपए की मांग की थीं। प्रवीण ने जब असमर्थता जताई तो मामला 60 हजार रुपए में तय हो गया।
शुक्रवार को जमीन का बैनामा कराने के लिए प्रवीन तहसील स्थित उपनिबंधक कार्यालय पहुंचे। यहां बैनामे से पहले एक बार फिर तय हुई साठ हजार रुपए की रकम सब रजिस्ट्रार द्वारा प्रवीण से मांगी गई। इस पर प्रवीण ने नकदी सब रजिस्ट्रार के निजी कर्मी बलही निवासी जितेंद्र कुशवाहा को दे दी। जिसके बाद निजी कर्मी द्वारा ली गई रकम को सब रजिस्ट्रार को दे दिया गया। इसी बीच विजिलेंस टीम ने छापेमारी के दौरान सब रजिस्ट्रार को ली गई रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जानकारी के बाद तहसील मुख्यालय पर हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ बड़ी संख्या में मौके पर लगी रही।
सब रजिस्ट्रार को गिरफ्तार करने के बाद विजिलेंस टीम कोतवाली पहुंची। यहां सब रजिस्ट्रार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने के बाद टीम के लोग सब रजिस्ट्रार को लेकर अपने साथ चले गए।
मामले में विजिलेंस टीम के डिप्टी एसपी सुजीत कुमार ने बताया कि, जमीन की रजिस्ट्री के एवज में रिश्वत के 60 हजार रुपयों के साथ सब रजिस्ट्रार को पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि, सब रजिस्ट्रार अपने निजी कर्मी के माध्यम से रिश्वतखोरी की रकम लेता था।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर तहसील मुख्यालय पर गहमा गहमी का माहौल नजर आता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *