विश्व स्तनपान दिवस पर इनरव्हील क्लब ने प्रसूताओं को किया जागरूक, जिला महिला अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्व स्तनपान दिवस पर इनरव्हील क्लब ने प्रसूताओं को किया जागरूक, जिला महिला अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

आजमगढ़। विश्व स्तनपान दिवस के अवसर पर इनरव्हील क्लब की ओर से जिला महिला अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब अध्यक्ष मंजू अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने प्रसूताओं को नवजात शिशुओं के उचित पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में क्लब की सदस्यों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर भर्ती प्रसूता माताओं से मुलाकात की। इस दौरान माताओं को सेब, अनार, बिस्कुट, सेनेटरी पैड तथा नवजात शिशुओं के लिए लंगोटी और झबला सहित आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने स्तनपान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए माताओं को जागरूक किया। बताया गया कि नवजात शिशु के लिए जन्म से छह माह तक केवल मां का दूध ही सर्वोत्तम आहार है। इससे शिशु के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। साथ ही डिब्बाबंद या बाहर के दूध से बचने की सलाह दी गई।

क्लब अध्यक्ष मंजू अग्रवाल ने कहा कि नवजात के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए मां का दूध अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने माताओं से छह माह तक शिशु को केवल स्तनपान कराने की अपील की।

सीएमएस डॉ. विनय कुमार सिंह ने इनरव्हील क्लब के सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए क्लब की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में क्लब की सभी सदस्याओं के साथ अस्पताल का स्टाफ भी मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *