आजमगढ़ में डबल मर्डर से सनसनी: बुजुर्ग और पोते की गला रेतकर हत्या, 400 मीटर की दूरी पर मिले दोनों के शव, पारिवारिक लेनदेन और क्लेश की आशंका
आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के हेवती डीहवा गांव में शुक्रवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने घर और ट्यूबवेल पर सो रहे दादा-पोते की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लग गए। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 70 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव रोज की तरह घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित अपने ट्यूबवेल पर सो रहे थे। वहीं उनका 25 वर्षीय पोता अंकित घर में अपनी चचेरी दादी फूलमती और दो भाइयों के साथ सो रहा था। देर रात करीब दो बजे अज्ञात हमलावर घर में घुसा और सो रहे अंकित पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की आहट से फूलमती की नींद खुल गई। उन्होंने अंकित के दोनों भाइयों को जगाया और सभी उसे उपचार के लिए अंबेडकरनगर जनपद के नगपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन जब जगदंबा प्रसाद यादव को सूचना देने ट्यूबवेल पहुंचे तो वहां उनका शव पड़ा मिला। उनके गले और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान थे। दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना पर सीओ फूलपुर, थाना पवई पुलिस, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम, सर्विलांस व डॉग स्क्वाड साक्ष्य संकलन में जुटे रहे, घटना के अनावरण व गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है।
जांच के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में खून से सनी एक कुल्हाड़ी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक लेनदेन और आपसी क्लेश की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
