श्री इंद्रेश्वरनाथ मंदिर में विशाल जवाबी कीर्तन रात भर शिव भजनों पर झूमे हजारों श्रद्धालु
रीना वर्मा
कन्नौज। सावन मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर कस्बा ठठिया स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री इंद्रेश्वरनाथ मंदिर परिसर सोमवार की रात भक्ति, आस्था और संगीत के अद्भुत संगम का साक्षी बना। यहां आयोजित भव्य संगीतमय विशाल जवाबी कीर्तन में क्षेत्रभर से उमड़े हजारों श्रद्धालुओं ने देर रात तक भगवान शिव की भक्ति में डूबकर भजनों का आनंद लिया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा तथा पूरा वातावरण शिव मय हो उठा।
कार्यक्रम में लखनऊ की सुप्रसिद्ध भजन एवं कीर्तन गायिका श्रीमती रोशनी अनजान एंड पार्टी तथा झींझक (कानपुर) के लोकप्रिय कलाकार और कीर्तन गायक अमित अंजाना एंड पार्टी के बीच हुए जवाबी कीर्तन ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दोनों मंडलियों ने एक से बढ़कर एक शिव भजन, देवी गीत और धार्मिक प्रस्तुतियां पेश कर ऐसा भक्तिमय समां बांधा कि श्रोता पूरी रात भजनों की धुन पर झूमते रहे। कलाकारों की मधुर स्वर लहरियों और आकर्षक प्रस्तुति पर श्रद्धालु बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन करते रहे।
सावन के प्रथम सोमवार पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में देर रात तक भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान शिव की आराधना के साथ पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक पंकज बेरिया ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का स्वागत करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर लल्ला अवस्थी, अवधेश राठौर, योगेंद्र कुशवाहा उर्फ बड्डूई, नीलू गुप्ता सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों कीर्तन प्रेमी उपस्थित रहे। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से परिपूर्ण यह आयोजन देर रात तक चलता रहा और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
