पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 50 लाख की चोरी की फार्च्यूनर बरामद, अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
आजमगढ़। मोहर्रम पर्व के मद्देनज़र चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान थाना तहबरपुर पुलिस ने अन्तर्राज्यीय वाहन चोरी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर लगभग 50 लाख रुपये कीमत की चोरी की गई फार्च्यूनर एसयूवी बरामद की है। आरोपी दिल्ली से चोरी की गई लग्जरी गाड़ियों को फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर मणिपुर पहुंचाने का काम करता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार तड़के थाना तहबरपुर पुलिस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सरदहा अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 226.3 पर रेस्ट लेन में एक संदिग्ध सफेद फार्च्यूनर खड़ी मिली। पुलिस के पहुंचते ही चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान तोइजम नटराज सिंह उम्र 37 वर्ष निवासी इम्फाल ईस्ट, मणिपुर के रूप में बताई। जांच में वाहन पर लगी नम्बर प्लेट फर्जी निकली, जबकि वाहन का वास्तविक नम्बर DL10CA0100 पाया गया, जो दिल्ली से चोरी की गई फार्च्यूनर है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसका संपर्क दिल्ली निवासी अमित नामक व्यक्ति से एक मैसेजिंग ऐप के जरिए होता था। अमित चोरी की लग्जरी गाड़ियां उपलब्ध कराता था, जिन्हें आरोपी फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर मणिपुर के उखरूल में एक व्यक्ति तक पहुंचाता था। प्रत्येक वाहन की डिलीवरी के बदले उसे 30 हजार रुपये मिलते थे। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इससे पहले भी दो चोरी की गाड़ियां दिल्ली से मणिपुर पहुंचा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की फार्च्यूनर, वाहन के मूल दस्तावेज, दो मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध थाना तहबरपुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसके खिलाफ दिल्ली के हरिनगर और जनकपुरी थानों में भी वाहन चोरी के दो मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रवीन्द्र प्रताप यादव, उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी, कांस्टेबल ताहिर अली, कांस्टेबल सत्यम सिंह एवं रिक्रूट कांस्टेबल आनंद राय की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
