छात्रवृति नहीं मिलने पर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों का जमकर हंगामा और प्रदर्शन
कन्नौज। छात्रवृति नहीं मिलने और देरी होने को लेकर एक बार फिर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र छात्राओं का गुस्सा बाहर आ गया।
सैकड़ों की संख्या में छात्र छात्राएं अपने अपने हाथों में बैनर लेकर कॉलेज के मुख्य गेट पर पहुंच गए। यहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा काटा।
बताते चलें कि, तिर्वा स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में 710 छात्र छात्राएं अध्ययनरत हैं। इन छात्रों को छात्रवृत्ति भी सरकार द्वारा दी जाती है जिससे यह अपनी पढ़ाई और अन्य जरूरी खर्चों का वहन करते हैं। बीते कई माह से कॉलेज के छात्रों की छात्रवृत्ति नहीं आई है। इसको लेकर कॉलेज में अध्ययनरत छात्र छात्राओं के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो चुकी है।
बीते माह भी कॉलेज के छात्र छात्राओं ने अपनी छात्रवृत्ति को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था। जिसके बाद मौके पर एसडीएम वैशाली, सीओ कुलवीर सिंह, कोतवाली पुलिस बल, कॉलेज के निदेशक सहित अन्य के द्वारा समस्या का निदान होने के आश्वाशन के बाद छात्र शांत हो सके थे।
एक बार फिर लंबा समय गुजरने के बाद जब कॉलेज में अध्ययनरत गिने चुने छात्रों की छात्रवृत्ति ही आने की सूचना छात्र छात्राओं तक पहुंची तो अन्य छात्र छात्राओं का आक्रोश एक बार फिर फूट पड़ा।
सैकड़ों की संख्या में छात्र नारेबाजी करते हुए अपने अपने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर कॉलेज के मुख्य गेट पर पहुंच गए। यहां छात्र छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए धरना देकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी छात्रों के बैनरों और पोस्टरों पर लिखा था कि,” ठंडे समोसे गरम करो,, “छात्रवृत्ति देने वालों शर्म करो,,।
मामले की जानकारी कॉलेज के प्रबंध तंत्र को हुई तो मौके पर वह भी पहुंच गया। इसके बाद सूचना पर समाज कल्याण अधिकारी,अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी, सीओ कुलवीर सिंह, तहसीलदार अभिषेक मिश्रा,कोतवाली प्रभारी संजय शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
कॉलेज के निदेशक मनोज शुक्ला के लखनऊ में मीटिंग में जाने के कारण कॉलेज की ओर से मौके पर डा. वी. के. पात्रो, अरस्तू गौतम आदि पहुंचे।
प्रदर्शनकारी छात्र छात्राओं को समझा बुझाकर शांत किया गया। उनको आश्वाशन दिया गया कि, छात्रवृत्ति आने की प्रक्रिया है, कुछ छात्रों की छात्रवृत्ति आ चुकी है,शेष सभी छात्र छात्राओं की छात्रवृत्ति जल्द ही आ जाएगी।
कॉलेज प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि, कॉलेज में जनरल कैटागरी के 197, एचसी के 100, ओबीसी के 387,अल्पसंख्यक के 21 छात्र छात्राओं की छात्रवृत्ति की रकम आनी है, जिसमें जनरल के 173 और एचसी के 16 छात्र छात्राओं की छात्रवृत्ति की धनराशि आ चुकी है, शेष छात्र छात्राओं की छात्रवृत्ति की रकम भी जल्द ही आ जाएगी।
आखिर दो घंटे से अधिक समय तक छात्र छात्राओं का उग्र प्रदर्शन जारी रहा।प्रदर्शनकारी छात्र छात्राएं मौके पर मौजूद अधिकारियों और निदेशक द्वारा फोन पर काफी समझाने के बाद और जल्द छात्रवृत्ति का भुगतान होने के आश्वाशन के बाद शांत हो सके।
