अहरौला थाना क्षेत्र के इमामगढ़ गांव में बर्तन धोने के विवाद में मारपीट का वीडियो वायरल, पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के इमामगढ़ गांव में बर्तन धोने को लेकर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद बर्तन धोने को लेकर शुरू हुआ था।
पीड़िता सुमन पत्नी अयोध्या गौतम ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 26 जुलाई की शाम उनकी बहन रोमा घर के सामने बर्तन धो रही थी, तभी पड़ोसी से विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद रोहतास, अजीत, राकी, संगीता और राजमनी ने घर पर पहुंचकर लाठी-डंडे से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
मामले में अहरौला पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
