मासूम को मैजिक ने रौंदा, पूरी घटना CCTV में कैद
आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ बाजार में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम की जान चली गई। घर से किराना दुकान पर सामान लेने गया बच्चा दुकान के बाहर कुर्सी पर बैठा था, तभी पास में खड़ी एक मैजिक गाड़ी अचानक आगे बढ़ी और उसे अपनी चपेट में ले लिया। यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घायल मासूम को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रविवार सुबह शाहगढ़ गांव निवासी सात वर्षीय रिशु चौहान, जो प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था, घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित किराना दुकान पर सामान लेने गया था। सामान मांगने के बाद वह दुकान के बाहर रखी कुर्सी पर बैठकर इंतजार कर रहा था। तभी पास में खड़ी मैजिक गाड़ी को चालक ने स्टार्ट किया, लेकिन वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सीधे मासूम की ओर बढ़ गया और उसे कुचलते हुए आगे निकल गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रिशु को तत्काल जिला सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की पूरी तस्वीर CCTV कैमरे में कैद हो गई, जो हादसे की भयावहता को दिखा रही है।
सूचना मिलते ही सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त मैजिक वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
रिशु अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता राम प्रवेश चौहान रोजी-रोटी के सिलसिले में खाड़ी देश में रहते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां ज्ञानमती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे के बाद पूरे शाहगढ़ गांव में शोक का माहौल है।
