आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग की खरीद-फरोख्त मामले में वांछित महिला अभियुक्ता गिरफ्तार

आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग की खरीद-फरोख्त मामले में वांछित महिला अभियुक्ता गिरफ्तार

आजमगढ़ जिले के थाना रौनापार पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग की खरीद-फरोख्त से जुड़े गंभीर मामले में वांछित महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 में दर्ज मुकदमे में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर राजस्थान में बेचने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2024 को पीड़िता के भाई की तहरीर पर थाना रौनापार में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सीय परीक्षण और आयु संबंधी अभिलेखों के आधार पर मुकदमे में मानव तस्करी, खरीद-फरोख्त और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं। जांच में मुख्य अभियुक्तों के साथ सह-अभियुक्ता पुष्पा का नाम भी सामने आया।

इस प्रकरण में मुख्य अभियुक्त सुनील यादव और अनिल यादव को 3 दिसंबर 2024 तथा श्रीमती देवी को 5 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। फरार चल रही सह-अभियुक्ता पुष्पा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोमवार को थाना रौनापार पुलिस टीम ने ग्राम चिलबिली रोड स्थित सपहा पाठक तिराहे से वांछित अभियुक्ता पुष्पा उम्र 35 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार उसके परिजनों को सूचना दी गई तथा न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

आजमगढ़ पुलिस ने कहा है कि नाबालिगों के विरुद्ध अपराध और मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराधों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *