14 केंद्रों पर शुरू हुई UPTET परीक्षा, 3 दिन में 5 पालियों में 32,160 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा की तीन दिवसीय परीक्षा गुरुवार, 2 जुलाई से जनपद के 14 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गई। परीक्षा 4 जुलाई तक कुल पांच पालियों में आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 6,432 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि तीन दिनों में कुल 32,160 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है।
प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू कर दी है। इस दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर फोटोस्टेट व कॉपी की दुकानें भी बंद कराई जाएंगी।
हर परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। इसके अलावा 335 बाह्य कक्ष निरीक्षक और 50 रिजर्व कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, पेजर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह रोक है।
जिले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संचालित हो रही है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए गर्मी को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ परीक्षा कराई जा रही है। यदि कोई नकल या गिरोहबंद तरीके से परीक्षा को प्रभावित करने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम सहित संबंधित कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें अधिकतम आजीवन कारावास तक का प्रावधान है।
