गांधी-शास्त्री जयंती पर आजमगढ़ पुलिस ने चलाया स्वच्छता अभियान, अर्पित किए श्रद्धा-सुमन
आजमगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती, अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आजमगढ़ पुलिस द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस लाइन परिसर में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुज्जर के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाकर की गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह एवं स्वच्छता तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सत्य, अहिंसा, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के आदर्शों पर चलने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुज्जर, क्षेत्राधिकारी आंकिक अजय प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी क्राइम कौस्तुभ त्रिपाठी, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
आजमगढ़ पुलिस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर शत्-शत् नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन एवं कर्तव्य में अपनाने का संकल्प लिया।
