NEET (UG)-2026: 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा, डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, नोडल अधिकारियों, कार्यपालक मजिस्ट्रेटों और परीक्षा केंद्राध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पहचान सत्यापन, प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट की सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 18 जून तक सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित कर दिए जाएं।
डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट तथा तीन से चार केंद्रों पर एक नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सुरक्षा प्रतिबंध लागू रहेंगे। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि 200 से 300 मीटर के भीतर स्थित फोटोस्टेट और कॉपीयर की दुकानों को बंद रखा जाएगा। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, पेजर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें और कंट्रोल रूम से उनकी लगातार निगरानी की जाए।
एसएसपी ने यह भी कहा कि महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिसकर्मी तथा पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष पुलिसकर्मी द्वारा ही की जाएगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, नवोदय विद्यालय जीयनपुर के प्रधानाचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, नोडल अधिकारी और केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
