गाजियाबाद में पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे चिराग का शव फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में है, जहां उनके परिवार के सदस्य और रिश्तेदार मौजूद हैं।
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी यश खटीक चिराग को दिल्ली से गाजियाबाद के साईं उपवन पार्क लेकर आया। आरोप है कि पार्क में मंदिर के पीछे सुनसान स्थान पर उसने चिराग को दो गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
हालांकि, पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात कबूल कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, पुलिस अभी तक हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद नहीं कर सकी है।
उधर, मुरादनगर के बसंतपुर सैंथली गांव स्थित चिराग के घर पर मातम पसरा हुआ है। चिराग का शव अभी घर नहीं पहुंचा है, लेकिन उसके कमरे में रखी ट्रॉफियां और दीवारों पर टंगे मेडल उसकी उपलब्धियों और संघर्ष की कहानी बयां कर रहे हैं। कमरे में बिलखती मां को परिजन और रिश्तेदार संभालने की कोशिश कर रहे हैं।
चिराग के पिता मनोज त्यागी का कहना है कि जापान में होने वाले एशियन पैरा गेम्स के लिए क्वालीफाई करने के बाद उनकी बेटे से आखिरी बार बात हुई थी। वह बेहद खुश था और जल्द घर आने की बात कह रहा था। परिवार का कहना है कि आरोपी यश अक्सर उनके घर आता-जाता था और चिराग उसे मार्गदर्शन भी देता था। उन्हें कभी इस बात का अंदेशा नहीं हुआ कि उसके मन में चिराग के प्रति कोई ईर्ष्या या दुर्भावना हो सकती है।
परिवार के मुताबिक, चिराग के करीब एक लाख रुपये भी आरोपी की तरफ बकाया थे, लेकिन चिराग हमेशा कहता था कि वह खुद उससे बात कर लेगा।
वहीं, चिराग के चाचा ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि परिवार को न्याय तभी मिलेगा जब दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और इस घटना में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की वजहों को खंगाल रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक उभरते हुए पैरा एथलीट की इस तरह हत्या क्यों की गई और क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था? इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच से ही सामने आएंगे।
गाजियाबाद में पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है
