मण्डलायुक्त विवेक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को मण्डलायुक्त सभागार में मण्डलीय कानून व्यवस्था तथा सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीनों जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में मण्डलायुक्त ने शासन के निर्देशों के अनुपालन में मण्डल के सभी टोल प्लाजाओं पर देशभक्ति गीतों के साथ सड़क सुरक्षा नियमों, लू एवं वज्रपात से बचाव संबंधी जागरूकता संदेश प्रसारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एआरटीओ को स्कूली वाहनों एवं बसों की शत-प्रतिशत फिटनेस जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर नीलगाय प्रभावित क्षेत्रों में सचेतक बोर्ड लगाने, सड़कों पर रिफ्लेक्टर एवं साइनेज स्थापित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए स्पीड साइनेज और कैमरे लगाने पर जोर दिया।
मण्डलायुक्त ने ड्रंक एंड ड्राइविंग पर प्रभावी नियंत्रण, चिन्हित ब्लैक स्पॉट स्थलों पर दुर्घटना रोकथाम के उपाय तथा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पुलिस और यूपीडा की संयुक्त पेट्रोलिंग को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों की सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफियाओं और कब्जाधारकों के विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई कर भूमि को कब्जामुक्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला अपराधों, विशेषकर महिलाओं की गुमशुदगी के मामलों की गंभीरता से जांच करने तथा अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए कार्रवाई करने को कहा। अपराधियों के विरुद्ध गुण्डा एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने और आगामी त्योहारों व प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गंगा दशहरा, बकरीद और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया है। आगामी आयोजनों के लिए भी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी पैरवी कर उन्हें सजा दिलाने और महिला अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में जिलाधिकारी मऊ आनंद वर्धन, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह सहित मण्डल एवं जनपद स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
