भूत-प्रेत के नाम पर महिलाओं को ठगने वाले अंतरजनपदीय गैंग का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
आजमगढ़ जिले के थाना सरायमीर पुलिस ने भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का खुलासा करते हुए उसके सरगना को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को सरायमीर थाना क्षेत्र के राजापुर सिकरौर निवासी चंदा देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ठठेरी बाजार के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके पति पर भूत-प्रेत का साया होने का डर दिखाकर इलाज के नाम पर कान की झाली, गले का लॉकेट, मोबाइल फोन तथा एक लाख रुपये ठग लिए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि उक्त घटना में शामिल दो अपराधी मोटरसाइकिल से फूलपुर की ओर से खरेवा की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे और कच्चे रास्ते पर बाइक फिसलने से गिर गए। एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इम्तियाज खान उम्र 48 वर्ष पुत्र नासिर खान निवासी अलीगढ़, हाल पता ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, दो कान की झालियां, एक नाक की कील, एक लॉकेट, 11,100 रुपये नकद, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ बाजारों में घूमकर अधेड़ उम्र की महिलाओं को निशाना बनाता था। दोनों महिलाओं को जादू-टोना, तंत्र-मंत्र अथवा परिवार पर संकट का भय दिखाकर विश्वास में लेते थे और शुद्धिकरण की प्रक्रिया के नाम पर उनके जेवर व नकदी लेकर फरार हो जाते थे। महिलाओं को पीछे मुड़कर न देखने और 51 कदम चलने जैसी बातों में उलझाकर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़, बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर समेत कई जनपदों में धोखाधड़ी, ठगी, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सरायमीर थाने में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे, उपनिरीक्षक पंकज यादव, उपनिरीक्षक राजनाथ यादव सहित थाना सरायमीर की पुलिस टीम शामिल रही।
