आगामी त्योहारों को लेकर आजमगढ़ में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, डीएम-एसएसपी ने की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के गणमान्य नागरिकों तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था, सांप्रदायिक सौहार्द, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं और किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि सभी नागरिक आगामी त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के वातावरण में मनाएं। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध गतिविधियों या भ्रामक सूचनाओं की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। बैठक का समापन संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ हुआ।
