आजमगढ़ में खुरपका-मुँहपका टीकाकरण अभियान शुरू, डीएम-सीडीओ ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

आजमगढ़ में खुरपका-मुँहपका टीकाकरण अभियान शुरू, डीएम-सीडीओ ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

आजमगढ़ जनपद में पशुओं को खुरपका-मुँहपका रोग से बचाने के लिए 22 जुलाई से 8 सितंबर तक चलने वाले 8वें चरण के विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के तहत पशुपालन विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर मवेशियों का निःशुल्क टीकाकरण करेंगी। जिले के सभी 22 विकास खंडों के लिए विभाग की ओर से अलग-अलग वाहन लगाए गए हैं, जो निर्धारित रोस्टर के अनुसार टीकाकरण करेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने कहा कि खुरपका-मुँहपका जैसी संक्रामक बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। इसके लिए पशुपालकों को जागरूक किया जाएगा और शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाएगा।

अपर निदेशक पशुपालन डॉ. के.पी. सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले को खुरपका-मुँहपका रोग से मुक्त बनाना है। जागरूकता एम्बुलेंस निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी विकास खंडों, गौ आश्रय स्थलों, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और निजी पशुपालकों तक पहुंचेगी तथा रोग की रोकथाम, बचाव और टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करेगी।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश गुप्ता ने बताया कि 45 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में पशुपालकों को अपने मवेशियों को अस्पताल लाने की आवश्यकता नहीं होगी। विभागीय टीमें सीधे गांवों में पहुंचकर गौवंश एवं अन्य पशुओं का टीकाकरण करेंगी। साथ ही जरूरतमंद पशुओं का उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रशासन ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराकर अभियान में सहयोग करें, ताकि जनपद को खुरपका-मुँहपका रोग से मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *