फ्री मूवी डाउनलोड के नाम पर मोबाइल हैक करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार, 3.5 लाख की बुलेट बरामद
आजमगढ़। साइबर सेल और महाराजगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राजीय साइबर ठगी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सोशल मीडिया पर फ्री फिल्म और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करता था और बैंक खातों से रकम निकालकर ठगी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से साइबर ठगी की रकम से खरीदी गई करीब 3.5 लाख रुपये की नई बुलेट मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक कूटरचित आधार कार्ड और नकदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर सेल और थाना महाराजगंज की टीम ने 22 जुलाई को नया चौक क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान सूचना के आधार पर प्रतापपुर पुलिया पर घेराबंदी की। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल से आ रहे संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा कुमार उम्र 28 वर्ष पुत्र राजदेव राम, निवासी ग्राम नौबरार त्रिपुरारपुर खालसा, थाना महाराजगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से एक सैमसंग मोबाइल, एक आईफोन, एक फर्जी आधार कार्ड तथा 1,330 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह कूटरचित आधार कार्ड के जरिए जनसेवा केंद्रों से साइबर ठगी की रकम निकालता था। बरामद आईफोन उसके साथी आशीष कुमार, निवासी मीठापुर, पटना बिहार का है, जिसका इस्तेमाल म्यूल खातों में पंजीकृत फर्जी मोबाइल नंबरों पर आने वाले ओटीपी प्राप्त करने के लिए किया जाता था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ सोशल मीडिया पर फ्री में नई फिल्म और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर एपीके लिंक साझा करता था। लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित का मोबाइल हैक हो जाता था, जिसके बाद बैंक खातों से धनराशि म्यूल खातों में ट्रांसफर कर एटीएम के माध्यम से निकालकर आपस में बांट ली जाती थी।
पुलिस ने गिरफ्ता आरोपी के पास से 01 सैमसंग मोबाइल फोन, 01 आईफोन, 01 कूटरचित आधार कार्ड 1,330 नकद, साइबर ठगी की रकम से खरीदी गई 3.5 लाख रुपये की नई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद किया है।
