नारी सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव का पाठ पढ़ाने स्कूल पहुंची पुलिस, सैकड़ों छात्राओं को किया जागरूक

नारी सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव का पाठ पढ़ाने स्कूल पहुंची पुलिस, सैकड़ों छात्राओं को किया जागरूक
रीना वर्मा

ठठिया संवाददाता। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस अधिकारियों की टीम लवकुश शिक्षा एवं जनकल्याण इंटर कॉलेज, ठठिया पहुंची। यहां छात्राओं को एकत्रित कर नारी सुरक्षा, महिला सम्मान, एंटी रोमियो अभियान और बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के प्रति विस्तार से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह और थाना प्रभारी ठठिया संजीव कुमार ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, छेड़छाड़, हिंसा अथवा अपराध की स्थिति में छात्राएं बिना डरे तत्काल पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की सहायता लें। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों और महिला सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।
मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा यूपी-112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ऑपरेशन कवच सहित महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने छात्राओं को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को लेकर भी सतर्क किया। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, बैंक खाते और ओटीपी की जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इसके अलावा छात्राओं और महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महिला रात्रि एस्कॉर्ट सुरक्षा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला कांस्टेबल सोनम शर्मा, सुरती, खुशबू चौधरी, स्वाति और आंशवि ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी और किसी भी प्रकार की परेशानी को छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस अथवा विश्वसनीय व्यक्ति को बताने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिशंकर कुशवाहा ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग बनाते हैं। कार्यक्रम में अध्यापक रामचन्द्र कुशवाहा सहित विद्यालय की अध्यापिकाएं और सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *