मा0 उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद भ्रमण के दौरान विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की
मा0 उपमुख्यमंत्री ने श्रद्धेय बाबूराम कुंवर सिंह की 22वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर जनपदवासियों को किया संबोधित
वर्ष 2047 तक विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मा0 उपमुख्यमंत्री
आजमगढ़, 11 जुलाई, 2026/
मा0 उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन, केशव प्रसाद मौर्य का जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत आज पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर आगमन हुआ। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अन्य प्रशासनिक तथा मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा मा0 उपमुख्यमंत्री को जनपद में संचालित विभिन्न विकास कार्यों, शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों तथा कानून व्यवस्था की स्थिति के संबंध में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। इस दौरान जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
तत्पश्चात मा0 उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान जनपद के हरिऔध कला केंद्र में श्रद्धेय बाबूराम कुंवर सिंह जी की 22वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सम्मिलित हुए। उन्होंने श्रद्धेय बाबूराम कुंवर सिंह जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में दिए गए योगदान का स्मरण किया।
कार्यक्रम के उपरांत मा0 उपमुख्यमंत्री द्वारा प्रेस वार्ता को संबोधित किया गया। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, ग्रामीण एवं नगरीय विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में कराए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जा रहा है।
मा0 उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था के संबंध में भी विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपराध एवं अपराधियों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर कार्य कर रही है। आमजन को सुरक्षित, भयमुक्त एवं सुशासित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्मिलित है।
मा0 उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण हेतु निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उनका पूर्ण विश्वास है कि विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने की दिशा में जनता का निरंतर सहयोग एवं आशीर्वाद प्राप्त होता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह विश्वास सरकार द्वारा किए जा रहे विकास एवं जनकल्याण के कार्यों पर आधारित है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सरकार जनहित में ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती है तो उसे जनता का समर्थन एवं आशीर्वाद अवश्य प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिससे महिलाओं की भागीदारी एवं सम्मान में वृद्धि हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकास एवं सुशासन की नीतियों को जनता का निरंतर समर्थन मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा इस लक्ष्य की प्राप्ति में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
इस अवसर पर मा0 कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, माननीय विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर, मा0 विधायक मधुबन, मऊ रामविलास चौहान, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष आजमगढ़ ध्रुव सिंह, लालगंज विनोद राजभर, कार्यक्रम संयोजक प्रवीण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह सहित अन्य मा0 जनप्रतिनिधिगण, प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
