अयोध्या से बलिया लौट रही यात्रियों से भरी एक बस सोमवार को रतनपुरा क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त

अयोध्या से बलिया लौट रही यात्रियों से भरी एक बस सोमवार को रतनपुरा क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में लगभग 35 लोग घायल हो गए, जबकि 4 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी यात्री बलिया जिले के निवासी हैं और अयोध्या में आयोजित एक धार्मिक यज्ञ कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बस चालक को रास्ते में झपकी आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की निगरानी की। उन्होंने डॉक्टरों को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

घायल यात्रियों में शामिल रोशनी वर्मा ने बताया कि बस तेज गति में थी और अचानक जोरदार झटका लगा, जिससे कई लोग अपनी सीटों से गिर पड़े और घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी यात्री उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह के गांव के रहने वाले हैं। घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *