खेत में पेशाब करने को लेकर युवक पर लाठी-डंडों से हमला, गंभीर घायल

खेत में पेशाब करने को लेकर युवक पर लाठी-डंडों से हमला, गंभीर घायल

ठठिया संवाददाता। खेत में पेशाब करने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर, मौजा फुलवारी निवासी विकास पुत्र महेंद्र ने थाना प्रभारी संजीव कुमार को दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम करीब 7:30 बजे वह खेतों से घर लौट रहा था। गांव के बाहर स्थित अपने खेत में पेशाब करने के दौरान परिवार के ही सोन देवी पत्नी महेंद्र, अर्जुन पुत्र महेंद्र, रीना पत्नी अर्जुन और राजेश पुत्र सुंदर लाल ने रंजिश के चलते उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे।
पीड़ित के मुताबिक, गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। जान बचाकर वह घर की ओर भागा, लेकिन रास्ते में आरोपियों ने उसे पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ मारपीट की। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *