ओवरटेक के दौरान ट्रक से भिड़ी डबल डेकर बस, सात घायल; चालक एक घंटे तक केबिन में फंसा रहा

ओवरटेक के दौरान ट्रक से भिड़ी डबल डेकर बस, सात घायल; चालक एक घंटे तक केबिन में फंसा रहा

कन्नौज।आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चंडीगढ़ से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत सात लोग घायल हो गए। चालक बस के क्षतिग्रस्त केबिन में करीब एक घंटे तक फंसा रहा, जिसे रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में चालक को कानपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब 4:15 बजे तालग्राम क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर-171 के पास चंडीगढ़ से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस ओवरटेक करने के दौरान आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जा टकराई। बस में करीब 36 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रक में बुरी तरह फंस गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही यूपीडा पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर केबिन में फंसे चालक को करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक का पिछला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सामान्य कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *