नींद की झपकी बनी हादसे की वजह: डिवाइडर से टकराकर पलटी पिकअप, तीन घायल
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन चालक को आई नींद की झपकी के चलते अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलटकर मुख्य कैरिजवे पर जा गिरा। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार थाना ठठिया क्षेत्र के ग्राम इनायतपुर के पास किलोमीटर संख्या 207 पर रात करीब 1 बजे पिकअप वाहन (डीएल 1 एलएएम 0638) आगरा से लखनऊ की ओर जा रहा था। वाहन चालक शैलेश कुमार निवासी जौनपुर को अचानक नींद आ जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया।
हादसे में घनश्याम (55) पुत्र जमुना प्रसाद, दीपक (27) पुत्र घनश्याम और मान्या (5) पुत्री दीपक घायल हो गए। वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से तीन को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया।
दुर्घटना में यूपीईडा की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। एक्सप्रेस-वे पर लगा एक शेवरॉन साइन बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची यूपीडा और पुलिस टीम ने एटलस हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। बाद में वाहन को पुलिस चौकी ठठिया में सुरक्षित खड़ा करा दिया गया। ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह चालक को आई नींद की झपकी मानी जा रही है।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह: डिवाइडर से टकराकर पलटी पिकअप, तीन घायल
