आजमगढ़ में सपा का प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
आजमगढ़ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय से बुधवार को सपा यूथ फ्रंटल संगठनों के नेतृत्व में कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारे लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान पुतला दहन भी किया गया।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसमें नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई, पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण सहित जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे शामिल रहे।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में परीक्षाओं की पारदर्शिता प्रभावित हुई है और नीट पेपर लीक प्रकरण इसका उदाहरण है, जिससे लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों, छात्रों, युवाओं और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर युवजन सभा अध्यक्ष दुर्गेश यादव, छात्र सभा अध्यक्ष कुणाल मौर्य, लोहिया वाहिनी सूरज राजभर, यूथ ब्रिगेड जोरार खान, प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अभिषेक यादव, आशीष यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
