गोकशी के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी मुठभेड़ में घायल, एक गिरफ्तार; चार की तलाश जारी
रीना वर्मा
कन्नौज। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घमाइचमऊ में कथित गोकशी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार तड़के करीब 12:22 बजे यूपी-112 के माध्यम से ग्राम घमाइचमऊ में गाय काटे जाने की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जहां गोवंश के अवशेष, रक्त, सींग, खाल का हिस्सा तथा एक लोहे की जंजीर बरामद हुई। पशु चिकित्साधिकारी ने मौके पर पहुंचकर प्रथम दृष्टया बरामद अवशेषों को गोवंश का बताया। परीक्षण के बाद अवशेषों का नियमानुसार निस्तारण कराया गया।
सूचनाकर्ता ने बताया कि उसकी गाय एक दिन पहले से लापता थी। तलाश के दौरान उसने घटनास्थल पर गांव के बड़ंका, मन्ना तथा उनके अन्य साथियों को देखा था। इस आधार पर बीट आरक्षी मोनू कुमार की तहरीर पर कोतवाली कन्नौज में गोवध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल से करीब 500 मीटर दूर खेत में छिपे इरशाद उर्फ सुल्ताना को घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने मन्ना, बड़ंका, मुस्तबील, रिजवान और सादिक उर्फ शाहिद के नाम बताए।
इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जलालपुर पनवार मार्ग पर दो आरोपियों की घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि इस दौरान सादिक उर्फ शाहिद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शाहिद के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके साथ मौजूद बड़ंका मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है
