गैंगस्टर आरोपियों और मोबाइल चोर अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्यों की पुलिस से मुठभेड़, गोली लगने से घायल हुए सिपाही और बदमाश

गैंगस्टर आरोपियों और मोबाइल चोर अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्यों की पुलिस से मुठभेड़, गोली लगने से घायल हुए सिपाही और बदमाश
रीना वर्मा

कन्नौज। जनपद में पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में पुलिस कर्मी और एक बदमाश घायल हो गया। पकड़े गए बदमाश अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य होने के अलावा गैंगस्टर आरोपी और मोबाइल चोर गिरोह के भी बताए गए हैं।
बुधवार की सुबह 6 बजे के करीब गोलियों की तड़तड़ाहट से जैसे आसपास का माहौल गुंजायमान हुआ तो लोग सहमें से नजर आने लगे। जानकारी पर पता चला कि, थाना सौंरिख पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है।
बताते चलें कि सुबह 6 बजे के करीब जिले के थाना सौंरिख अंतर्गत लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे के सर्विस रोड पर सकरावा रोड को जोड़ने वाले मार्ग पर पुलिस और पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों के बीच घेराबंदी करने के दौरान मुठभेड़ हुई।
बदमाशों की फायरिंग में सिपाही गजेंद्र के दाहिने हांथ में गोली लगी,वहीं पुलिस जीप की हेड लाइट में भी गोली लगने से लाइट क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
इस दौरान पुलिस बल ने घेराबंदी करते हुए घायल बदमाश और उसके दो अन्य फरार हुए साथियों को भी दबोच लिया।
पकड़े गए बदमाशों में पुलिस की गोली से घायल बदमाश राजीव कोटपुरा इटावा का रहने वाला है, जबकि पकड़े गए उसके दो अन्य साथियों में इटावा का साहिल और मैनपुरी जिले के करहल निवासी जितेंद्र हैं।
मुठभेड़ की जानकारी पर सीओ सुरेश मलिक सहित स्थानीय पुलिस बल बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गया। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
मामले को लेकर जिले के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि, पकड़े गए बदमाश अंतरराज्यीय गिरोह के हैं। इनके पास से पल्सर बाइक के अलावा 37 कीमती मोबाइल फोन, (9 आईफोन सहित), अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपए, कई तमंचे, कई कारतूस भी बरामद हुए हैं। उपरोक्त मोबाइल चोर गिरोह भीड़भाड़ वाले स्थानों से मोबाइलों की चोरी कर ले इनके पार्ट्स निकाल कर भी बेंचते थे।
एसपी ने बताया कि, गिरफ्तार बदमाशों पर इटावा, मैनपुरी,फर्रुखाबाद, सहित अन्य जिलों में गैंगस्टर, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, के कई मुकदमें भी गंभीर धाराओं में दर्ज हैं।
उपरोक्त गिरफ्तार बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जिले में मौजूदगी के दौरान गिरफ्तार किए गए हैं।
मुठभेड़ के दौरान घायल सिपाही गजेंद्र और पकड़े गए बदमाश राजीव को उपचार हेतु स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है। यहां उनका उपचार जारी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *