सरकारी जमीन पर हरे पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी, शिकायत पर सिंचाई विभाग ने रुकवाया कटान
ठठिया संवाददाता। क्षेत्र में नहर विभाग की पटरियों और सरकारी नालियों की जमीन पर खड़े हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते लकड़ी ठेकेदार सरकारी भूमि पर खड़े पेड़ों को निशाना बना रहे हैं। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से ऐसे लोगों के हौसले बढ़ रहे हैं।
ताजा मामला ठठिया थाना क्षेत्र के बलनापुर गांव का है। यहां तिर्वा आरामशीन के एक लकड़ी ठेकेदार द्वारा सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर खड़े हरे पेड़ों को कटवाया जा रहा था। जानकारी मिलते ही सिंचाई विभाग के सींच पर्यवेक्षक रामऔतार आर्या मौके पर पहुंचे और पेड़ों की कटान रुकवा दी।
सींच पर्यवेक्षक ने मौके पर मौजूद खेत मालिक अरविंद कुमार को स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित पेड़ खेत की निजी सीमा में नहीं, बल्कि सरकारी नाली और सिंचाई विभाग की भूमि पर दर्ज हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी भूमि पर खड़े एक भी पेड़ को अब काटने नहीं दिया जाएगा।
सींच पर्यवेक्षक रामऔतार आर्या ने बताया कि मौके पर कटे हुए पेड़ों के फोटो और वीडियो सुरक्षित किए गए हैं। मामले की पूरी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पेड़ों की कटान कर उन्हें बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
