आजमगढ़ की 25 नदियों के पवित्र जल को ‘वरुण कुम्भ’ में किया गया संकलित, नदी एवं जलस्रोतों के संरक्षण का दिया संदेश

आजमगढ़ की 25 नदियों के पवित्र जल को ‘वरुण कुम्भ’ में किया गया संकलित, नदी एवं जलस्रोतों के संरक्षण का दिया संदेश

विश्व नदी दिवस की पूर्व संध्या पर लोक दायित्व न्यास, आजमगढ़ द्वारा ‘नदी की बात-जन-जन के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन नेहरू हाल में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में नदियों एवं जलस्रोतों के संरक्षण, संवर्धन तथा जल संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जनपद आजमगढ़ में प्रवाहित होने वाली छोटी-बड़ी 25 नदियों के पवित्र जल का संकलन कर मंच पर स्थापित ‘वरुण कुम्भ’ में अर्पित किया गया। इस प्रतीकात्मक आयोजन के माध्यम से नदियों के प्रति सम्मान और उनके संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। वन विभाग, बाढ़ एवं सिंचाई विभाग, जल निगम तथा भूगर्भ जल विभाग द्वारा जल संरक्षण आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, नदी एवं जलस्रोतों के संरक्षण से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई।

मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने कहा कि कार्यक्रम का मूल संदेश ‘हमारी नदी-हमारा दायित्व’ है। नदी एवं जलस्रोतों का संरक्षण केवल पर्यावरणीय विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध जनजीवन, कृषि, भूजल, जैव-विविधता, लोकसंस्कृति तथा भावी पीढ़ियों के भविष्य से है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के प्रति समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। विद्यालयों, पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से नदी एवं जल संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर जल संरक्षण के प्रयासों को जनभागीदारी से मजबूत करने पर जोर दिया।

जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि यह आयोजन मात्र एक दिवस का औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि ‘आजमगढ़ की जल-स्मृति, वर्तमान जल-स्थिति और भविष्य की जल-दृष्टि’ को एक मंच पर लाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय जलस्रोतों, नदियों, जल संरक्षण से जुड़ी परंपराओं, स्थानीय अनुभवों एवं वर्तमान जल-स्थिति से संबंधित जानकारी को संकलित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इस प्रकार के स्थानीय अनुभव और जानकारी भविष्य में जल संरक्षण की दिशा में उपयोगी आधार तैयार कर सकते हैं।

लोक दायित्व न्यास, आजमगढ़ के केंद्रीय संयोजक डॉ. पवन कुमार ने बताया कि विश्व नदी दिवस-2026 के अवसर पर ‘नदी की बात-जन-जन के साथ’ अभियान के अंतर्गत व्यापक नदी एवं जल-संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम तथा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को नदियों, तालाबों, पोखरों, कुओं एवं अन्य जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जल संरक्षण में जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं जनपदवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *