सुलतानपुर: दहेज प्रताड़ना का मामला, नवविवाहिता से मारपीट व गहने छीनने का आरोप, FIR दर्ज
सुलतानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता मोनिका को ससुराल पक्ष ने प्रताड़ित किया, गहने छीन लिए और घर से निकाल दिया।
पीड़िता की शादी 19 फरवरी 2026 को अमेठी के कमरौली थाना क्षेत्र के रखेता गांव निवासी जागेश्वर से हुई थी। आरोप है कि शादी में दिए गए सामान के बावजूद 5 लाख रुपये नकद, फ्रिज, वाशिंग मशीन और टीवी की अतिरिक्त मांग की जा रही थी।
मांग पूरी न होने पर पीड़िता को पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी देने और मारपीट करने का भी आरोप है। 9 मई को उसे घर से निकाल दिया गया।
इसके बाद 16 मई को परिजन ससुराल पहुंचे, जहां मारपीट और कुल्हाड़ी से हमला करने की कोशिश का आरोप है। मामले की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में पति, सास-ससुर सहित अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
