दीक्षांत/पासिंग आउट परेड के ग्रैंड रिहर्सल में 594 महिला प्रशिक्षुओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन
शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, आजमगढ़ स्थित परेड ग्राउंड में प्रशिक्षणरत 594 महिला प्रशिक्षुओं की प्रस्तावित दीक्षांत/पासिंग आउट परेड के दृष्टिगत ग्रैंड रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल में कुल 20 टोलियों में विभाजित प्रशिक्षुओं ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत करते हुए उच्च स्तरीय अनुशासन, समन्वय एवं दक्षता का प्रभावी प्रदर्शन किया ।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार द्वारा परेड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित पासिंग आउट परेड को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से सम्पन्न कराया जाए।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। रिहर्सल के माध्यम से परेड की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया तथा सभी तैयारियों को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
