सुल्तानपुर में अमरेश सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में नया मोड़ सामने आया है। घायल अमरेश सिंह के परिवार ने इस घटना को गैंगवार से जोड़कर फैल रही खबरों का खंडन किया है।
घायल अमरेश सिंह के भाई मानवेंद्र सिंह ने बताया कि अमरेश 17 मई की रात एक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी कार सवार हमलावर अमन सिंह ने उनकी गाड़ी रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अमरेश खुद कार चला रहे थे और वाहन में उनके साथ रिश्तेदार और दोस्त भी मौजूद थे।
परिवार के अनुसार, हमले में करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग की गई, जिसमें अमरेश को गोली लगी जबकि अन्य लोग बाल-बाल बच गए। घायल अमरेश को तत्काल वेदांत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां वह ICU में हैं और एक गोली अभी भी शरीर में फंसी हुई है।
परिजनों ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस घटना को गलत तरीके से गैंगवार बताया जा रहा है, जबकि यह पूरी तरह पुरानी रंजिश का मामला है। उनका आरोप है कि अमन सिंह लगातार समझौते का दबाव बना रहा था।
परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। साथ ही वायरल वीडियो को 2025 के एक पुराने कार्यक्रम का बताते हुए उसे इस घटना से न जोड़ने की अपील की है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।
