गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन अभियुक्त गिरफ्तार, जीयनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन अभियुक्त गिरफ्तार, जीयनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आजमगढ़ जिले के थाना जीयनपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 में भवरनाथ से दोहरीघाट जाते समय एक महिला के बैग से सोने के आभूषण चोरी होने की घटना सामने आई थी। इस मामले में थाना जीयनपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सुरेन्द्र कुमार, राजन कुमार, जयभीम समेत अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए थे, जिनके खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है।

पुलिस द्वारा तैयार गैंगचार्ट को जिलाधिकारी आजमगढ़ ने 18 मई 2026 को अनुमोदित किया, जिसके बाद थाना जीयनपुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गुरुवार सुबह संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मेघई नरैना पुलिया के पास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में जयभीम पुत्र महेन्द्र राम, राजन कुमार पुत्र चन्द्रिका राम तथा सुरेन्द्र कुमार पुत्र समारू राम उर्फ सम्हारू राम निवासी छपरा सुल्तानपुर थाना जीयनपुर जनपद आजमगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त संगठित रूप से चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से चोरी, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस गिरफ्तारी में वरिष्ठ उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा, कांस्टेबल अक्षय प्रसाद, अवधेश कुशवाहा एवं प्रदुम्न यादव की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *