शहर कोतवाली क्षेत्र के बंशीबाजार में युवक पर जानलेवा हमला, चाकू मारने वाला आरोपी गिरफ्तार

शहर कोतवाली क्षेत्र के बंशीबाजार में युवक पर जानलेवा हमला, चाकू मारने वाला आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बंशीबाजार में शनिवार को एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार उकरौड़ा गांव निवासी नागेंद्र यादव ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनके बड़े भाई रविंद्र यादव शनिवार को काम से घर लौट रहे थे। रास्ते में वह बंशीबाजार में सामान खरीदने के लिए रुके थे। आरोप है कि उसी दौरान गांव के ही तलिया उकरौड़ा निवासी संदीप यादव उर्फ बउआ शराब के नशे में वहां पहुंचा और रविंद्र यादव के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। चाकू रविंद्र यादव के दाहिने कंधे के नीचे पसली में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। वर्तमान में उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
शहर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी संदीप यादव उर्फ बउआ को उकरौड़ा स्थित देशी शराब ठेके के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।
सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि आरोपी द्वारा चाकू से जानलेवा हमला किए जाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *