अश्लील गाना व नृत्य पर होगी कड़ी कार्रवाई : एसडीएम संजीव राय
रामलीला और दुर्गा पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश
सगड़ी: सगड़ी तहसील क्षेत्र के जीयनपुर कोतवाली और लाटघाट चौकी पर शनिवार को रामलीला, दुर्गा पूजा और मेला आयोजन को लेकर एसडीएम संजीव राय व क्षेत्राधिकारी देशराज सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। शाम चार बजे जीयनपुर कोतवाली और पांच बजे लाटघाट चौकी पर आयोजित बैठक में तहसीलदार नवीन निश्चल त्रिपाठी, जीयनपुर कोतवाल संजय सिंह और चौकी प्रभारी जाफर खान सहित रामलीला, दुर्गा पूजा पंडाल और मेला आयोजक तथा डीजे संचालक मौजूद रहे। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को मौके पर भौतिक सत्यापन कर 48 घंटे के अंदर निस्तारण करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि रामलीला मंचन और दुर्गा पूजा पंडालों में अश्लील गाने व नृत्य का आयोजन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह के वीडियो सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही डीजे बजाने के निर्देश दिए गए। सभी आयोजकों से वालंटियर की सूची और उनके परिचय पत्र की प्रतियां भी मांगी गईं। रामलीला और पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश देते हुए अधिकारियों ने शासन की गाइडलाइन के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम यादव, ज्ञानेंद्र मिश्रा, मनीष चौरसिया, डब्लू गुप्ता, हिमांशु जायसवाल, ग्राम प्रधान अनिल मिश्रा, अंशु गुप्ता, राजवंत सिंह, सोमनाथ, रंजीत, प्रिंस राय, पीयूष राय, रामाश्रय राय, लालू जायसवाल सहित जीयनपुर, अजमतगढ़ और लाटघाट के दर्जनों आयोजक मौजूद रहे।
