प्रज्ञा राय को सौंपी गई उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ के आजमगढ़ मण्डल की कमान
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ द्वारा आजमगढ़ मण्डल के अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी शिक्षिका प्रज्ञा राय को सौंपे जाने से आजमगढ, मऊ, बलिया जनपदों की शिक्षिकाओं में हर्ष व्याप्त है। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना मौर्या ने कम्पोजिट विद्यालय भरौली कोकिलपार आजमगढ़ की सहायक अध्यापक प्रज्ञा राय को प्राधिकार पत्र सौंपते हुए संघ की विचारधारा पर अग्रसर रहते हुए महिला शिक्षिकाओं के हित में कार्य करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का निर्देश दिया है।
बताते चले कि प्रज्ञा राय जहां बतौर शिक्षिका महिला शिक्षिकाओं की आवाज बुलंद कर रही है वहीं अपराजिता के माध्यम से सामाजिक सरोकारों में अपना शत प्रतिशत योगदान के साथ शिक्षिकाओं के लिए एक आदर्श प्रस्तुत कर समाज को नई राह दिखाने काम करती है। चाहे रक्तदान शिविर में हिस्सा लेना हो या सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उनकी प्रतिभागिता सदैव बनी रहती है। इसके साथ ही श्रीमती राय ने मुसहर समुदाय के उत्थान के लिए कार्य किये और कोरोना काल में भी हजारों जरुरतमंदों तक मदद पहुंचाकर मानवीयता की मिसाल पेश की। जिसके लिए सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ द्वारा जहां इन्हें सम्मानित किया जा चुका है वहीं विभिन्न नामचीन मंचों, संगठनों द्वारा इन्हें सम्मानित किया जाता रहा है।

\
नवीन दायित्व की जिम्मेदारी मिलने पर प्रदेश नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए आजमगढ़ मण्डल की अध्यक्ष प्रज्ञा राय ने कहा कि शिक्षक समाज का सजग प्रहरी होता है और मुझे पूरे आजमगढ़ मण्डल के शिक्षिकाओं के हक-हुकूक की आवाज उठाने की जो अहम जिम्मेदारी दी गई है उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगी। प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन से आजमगढ़ मण्डल में संगठन समता, एकता और विकास को प्राथमिकता देते हुए महिला शिक्षिकाओं की मुखर आवाज बनेगा।
बधाई देने वालों में आजमगढ़ जिलाध्यक्ष जकिया परवीन, मऊ जिलाध्यक्ष साधना यादव , विभा राय , आभा त्रिपाठी , रेनू पांडे , साधना यादव तथा बलिया जिलाध्यक्ष किरण भारती आदि हैं।
