गोसाई की बाजार पुलिस चौकी में जनसुनवाई कक्ष और चौकी प्रभारी कक्ष का उद्घाटन, एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने किया चौकी परिसर का जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने पर उद्घाटन, किया वृक्षारोपण
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने शनिवार को थाना गंभीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस चौकी गोसाई की बाजार में फीता काटकर नवनिर्मित जनसुनवाई कक्ष, चौकी प्रभारी कक्ष तथा जीर्णोद्धार किए गए चौकी परिसर का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद एसएसपी ने चौकी परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके पश्चात उन्होंने थाना क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों के साथ गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का नियमानुसार, समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने पर जोर दिया। चौकी परिसर में जनसुनवाई कक्ष की व्यवस्था से आम लोगों को अपनी शिकायतें रखने में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर थाना प्रभारी गंभीरपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
