थाना सिधारी पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चोरी का ई-रिक्शा और तीन बैटरियां बरामद की हैं, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने होमगार्ड ग्राउंड के पास वन विभाग डिपो के समीप घेराबंदी कर श्याम सुन्दर गौड़ उर्फ शिन्टू (32) और मंगरु चौधरी (25), दोनों निवासी पल्हनी, थाना सिधारी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 20 मार्च की रात अपने साथी सुनील यादव के साथ मिलकर आजमगढ़ रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा चोरी किया था। इसके बाद वे ई-रिक्शा को छिपाकर उसकी बैटरियां निकालते और अलग-अलग लोगों को बेच देते थे। इसी से वे अपना खर्च चलाते थे। घटना के दिन भी आरोपी बैटरियां बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा (चौकी प्रभारी मुसेपुर), हेड कांस्टेबल मनोज यादव, कांस्टेबल आदित्य कुमार, अंकित सिंह व अतुल कुमार राजभर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस संबंध में थाना सिधारी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
