आजमगढ़ में रातभर चला सघन चेकिंग अभियान, एसएसपी ने खुद संभाली कमान

आजमगढ़ में रातभर चला सघन चेकिंग अभियान, एसएसपी ने खुद संभाली कमान

नरौली तिराहे समेत प्रमुख चौराहों, होटल-ढाबों और रोडवेज बस स्टैंड पर संदिग्धों की जांच, गो-तस्करी व मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के निर्देश

आजमगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने बुधवार की रात व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के आदेश और अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने स्वयं सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने थाना सिधारी क्षेत्र के नरौली तिराहे सहित विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान होटल, ढाबों, लॉज, प्रमुख चौराहों और रोडवेज बस स्टैंड पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच की गई। उन्होंने गो-तस्करी, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर, हाफिजपुर और रोडवेज सहित विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर चेकिंग की। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश कुमार पांडेय ने शंकर तिराहे तथा सरायमीर थाना क्षेत्र के खेरवा मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की।

सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव चौक के पास चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल ने मेहनगर थाना क्षेत्र के देवइत पुल के पास सहित अन्य स्थानों पर जांच की। क्षेत्राधिकारी सगड़ी देशराज सिंह ने जीयनपुर सहित सर्किल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में होटल, ढाबों और वाहनों की जांच कराई।

इसी क्रम में जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ अभियान चलाया। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की गई। लाउड हेलर के माध्यम से सुरक्षा संबंधी निर्देश भी प्रसारित किए गए।

पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने, अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और चेकिंग के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोगों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। पुलिस के अनुसार, जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग एवं निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *