रास्ते के विवाद में दबंगों का हमला, महिला समेत परिवार से मारपीट — एसएसपी से कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बसीरपुर गांव में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक महिला और उसके परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसीरपुर गांव निवासी मीना देवी ने आरोप लगाया है कि 24 मार्च 2026 को गांव के ही कुछ दबंग लोग एकजुट होकर उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि मातबर, मोतीरानी, अश्वनी, आदर्श, धर्मेंद्र, विमला देवी, दिव्यांशु, माया और अभिषेक सहित कई लोगों ने गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, हमलावरों ने लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान मीना देवी के बाल पकड़कर उन्हें दीवार में दे मारा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और बाल भी उखड़ गए। घटना के दौरान शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया, तब जाकर आरोपी मौके से फरार हुए। जाते-जाते सभी ने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़िता का कहना है कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उनके पास साक्ष्य के रूप में मौजूद है। इसके बावजूद, जब उन्होंने थाना बिलरियागंज में शिकायत की, तो अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
आरोप है कि आरोपी पक्ष लगातार पीड़िता और उसके परिवार को धमका रहा है, जिससे पूरा परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है।
इस संबंध में पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
